नैनीताल में सोमवार को एक मर्मांतक घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया। तहसील में कार्यरत राजस्व अनुसेवक राजेंद्र सिंह परिहार उर्फ ‘राजू’ का शव उनके ही घर में फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिवार, राजस्व विभाग और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजू ड्यूटी से घर लौटे थे। उसी दौरान उनके दोनों बेटे बाजार गए हुए थे। जब बच्चे वापस लौटे तो उन्होंने अपने पिता को छत से लगे फंदे में लटका देखा। परिजनों ने तत्काल उन्हें बी.डी. पांडे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूत्रों के मुताबिक, राजू के गले पर रस्सी से दबाव और कटने के स्पष्ट निशान पाए गए हैं। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि यह मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई और रहस्यमयी कारण छिपा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
राजेंद्र सिंह परिहार करीब 15 वर्षों से राजस्व विभाग में कार्यरत थे और उन्हें एक ईमानदार, शांत स्वभाव के और कर्तव्यनिष्ठ कर्मचारी के रूप में जाना जाता था। उनकी अचानक हुई मृत्यु से न केवल विभाग में बल्कि पूरे क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है। बताया जाता है कि राजू के दो बेटे हैं, जो भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय में कक्षा सातवीं और आठवीं में पढ़ाई कर रहे हैं।